नव-बिहार न्यूज नेटवर्क (NNN), पूर्णिया। बिहार के सीमांचल में हुई बाढ़ से भारी तबाही का आज हवाई सर्वेक्षण करने के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बिहार सरकार को बाढ़ से बचाव के लिए तत्कालीन राहत के रूप में 500 करोड़ की राशि दी। उन्होंने हरसंभव मदद का भरोसा भी दिया। मुख्यमंत्री, उपमुख्यमंत्री और उच्चाधिकारियों के साथ बाढ़ से हुए नुकसान की जानकारी लेने के बाद दिल्ली रवाना होने से पहले उन्होंने कहा कि क्षति के पूरे आकलन के बाद यह राशि और बढ़ाई जाएगी।
मौके पर प्रधानमंत्री ने मुख्यमंत्री से कहा कि आप बाढ़ से विस्थापितों के पुनर्वास की तत्काल व्यवस्था करें। पीएम ने यह भी कहा कि अधिकारियों को निर्देश दें ताकि एक हफ्ते के अंदर अधिकारी पीड़ित परिवारों की सूची ईमानदारी से बनाएं। साथ ही जो संचार सेवाएं, सड़क, पुल-पुलिया टूटी है उसे तत्काल दुरुस्त करवाएं। इसके लिए केंद्र सरकार बिहार के साथ है और जो भी मदद की जरूरत होगी वह भेजी जाएगी।
इससे पहले शनिवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बाढ़ की विभीषिका से तबाह सीमांचल क्षेत्र का हवाई सर्वेक्षण किया। सर्वेक्षण के बाद चूनापुर हवाई अड्डे पर ही प्रधानमंत्री ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, उपमुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी और उच्चाधिकारियों के साथ बैठक की। बैठक में मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री को बाढ़ से हुई आपदा की पूरी जानकारी दी और नुकसान का मेमोरेंडम दिया। इसके बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दिल्ली रवाना हो गए।
कोई टिप्पणी नहीं:
टिप्पणी पोस्ट करें