नव-बिहार समाचार, भागलपुर: पिछले दो दिनों से चल रही पछुआ हवा के कारण न्यूनतम तापमान में पांच डिग्री सेल्सियस की गिरावट के साथ तापमान लगभग 14 डिग्री हो गया है। जबकि दिन में अधिकतम तापमान की स्थिति जस की तस 24 डिग्री बनी हुई है। इस दौरान ठंड बढ़ने से सुबह स्कूल जाने वाले बच्चों और देर शाम घर लौटने वाले लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बिहार कृषि विवि के मौसम विभाग के नोडल पदाधिकारी प्रो. बीरेंद्र कुमार ने अगले एक दो दिनों में तापमान में और गिरावट आने की संभावना जताई है।
मौसम में हो रहे बदलाव को अब नजरअंदाज करने से परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। चिकित्सकों के अनुसार अगर आप शाम को या उसके बाद घर लौट रहे हैं तो गर्म कपड़े जरूर पहन लें। अन्यथा आप ठंड के शिकार हो सकते हैं।
रबी फसल के लिए अनुकूल हो रहा मौसम:
पछुआ हवा के चलने एवं तापमान में गिरावट आने से रबी फसल के लिए मौसम धीरे-धीरे अनुकूल होने लगा है। बिहार कृषि विवि के कृषि वैज्ञानिकों ने कहा कि तापमान में गिरावट आने से रबी की बुआई किसान जल्दी से जल्द कर पाएंगे। ऐसे मौसम में बीज का जर्मीनेशन (अंकुरित होना) भी बेहतर होगा।
कोई टिप्पणी नहीं:
टिप्पणी पोस्ट करें