प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा है कि केंद्र सरकार ने भ्रष्टाचार के खिलाफ राष्ट्रव्यापी अभियान छेड़ा हुआ है और यह आगे भी जारी रहेगा। उन्होंने हिमाचल प्रदेश में मंडी जिले के सुंदरनगर और कांगड़ा के रैत कस्बे में दो चुनाव रैलियों को संबोधित करते हुए ये बात कही। उन्होंने राज्य में भ्रष्टाचार मुक्त और जवाबदेह सरकार के गठन के लिए मतदाताओं से भाजपा के पक्ष में वोट डालने की अपील की।
हिमाचल का ये चुनाव दिव्य-भव्य हिमाचल बनाने का फैसला करने का चुनाव है। हमारा हिमाचल कैसा हो, हमारे सपनों को साकार करने वाली सरकार हो। हमारे सुख:दुख की साथी, ऐसी हमारी सरकार हो।
राज्य में आगामी विधानसभा चुनाव प्रचार जोरों पर है।
प्रधानमंत्री ने कहा कि कांग्रेस ने मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह को चुनाव प्रचार के लिए अकेला छोड़ दिया है और पार्टी के वरिष्ठ नेता हिमाचल प्रदेश में चुनाव प्रचार से नदारद हैं। मंडी में सुंदर नगर में एक जनसभा को संबोधित करते हुए श्री मोदी ने कहा कि राज्य में आगामी चुनाव केवल नयी सरकार बनाने के लिए नहीं हैं बल्कि भव्य और दिव्य हिमाचल प्रदेश के निर्माण के लिए हैं। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश में पर्यटन के और विस्तार की भी संभावनाएं हैं।
कांग्रेस नेता और मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने शिमला और कुल्लू जिलों में चुनाव प्रचार किया। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार ने राज्य का चहुंमुखी विकास किया है और लोगों को इसकी पूरी जानकारी है।
हिमाचल प्रदेश विधानसभा की 68 सीटों के लिए 9 नवम्बर को एक चरण में मतदान होगा।
कोई टिप्पणी नहीं:
टिप्पणी पोस्ट करें