राजेश कानोडिया, नव-बिहार समाचार, नवगछिया। बिहार के भागलपुर जिला अंतर्गत नवगछिया नगर में आज रात होने वाले एक बाल विवाह को स्थानीय प्रशासन ने अपनी सक्रियता के बल पर रोक दिया। मामले की सूचना पाते ही मौके पर पहुंचे बीडीओ नवगछिया राजीव कुमार रंजन और नगर स्थित आदर्श थाना के दारोगा कौशल कुमार ने लड़की पक्ष एवं लड़का पक्ष को समझाते हुए होने वाली शादी (बाल विवाह) को स्थगित करा दिया। जिसकी वजह से सुपौल जिला के जदिया से आकर नवगछिया गौशाला परिसर में ठहरी बारात को बैरंग वापस होने को मजबूर होना पड़ गया। जिससे दूल्हा शशि कुमार काफी गमगीन और भावुक हो गया तथा उसके पिता बिनोद साह पूरी तरह से मायूस हो गए। इधर लड़की पक्ष की भी सारी की सारी तैयारी धरी की धरी रह गयी।
इसके साथ ही आज नवगछिया प्रखंड में यह दूसरा बाल विवाह प्रशासन की सक्रियता से रोका गया। जबकि इससे लगभग एक साल पहले कोसी पार कदवा सहायक थाना क्षेत्र में भी इन्ही बीडीओ राजीव कुमार रंजन और थानाध्यक्ष कौशल कुमार द्वारा हो रहे बाल विवाह को रोक दिया गया था।
ताजा मामले के बारे में बताते चलें कि इस होने वाले बाल विवाह की जानकारी किसी स्थानीय व्यक्ति द्वारा चाईल्ड लाइन के टोल फ्री नंबर पर दे दी थी। जहां से स्थानीय चाईल्ड लाइन के पदाधिकारियों को इसकी सूचना भेजी गयी। जिनके द्वारा स्थानीय जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन से इस होने वाले बाल विवाह को रोकने के लिये सहयोग मांगा गया। मामले की जानकारी मिलते ही अनुमंडल पदाधिकारी मुकेश कुमार ने तत्काल नवगछिया बीडीओ राकेश कुमार रंजन को दंडाधिकारी के रूप में भेज दिया। इधर प्रभारी पुलिस अधीक्षक सुधीर कुमार द्वारा नवगछिया थाना को मौके पर तत्काल पुलिस पदाधिकारी और पुलिस बल भेजने का आदेश दिया। प्रशासन की इसी सक्रियता ने स्थानीय लोगों के सहयोग से इस होने वाले बाल विवाह को रोकने में सफलता पायी। मौके पर ही दोनों पक्षों से लिखित भी ले लिया। साथ ही बीडीओ राजीव कुमार रंजन और पुलिस पदाधिकारी कौशल कुमार ने मौके पर मौजूद लोगों को बालविवाह नहीं करने की सलाह देते हुए इसके दुष्परिणाम की भी जानकारी दी।
कोई टिप्पणी नहीं:
टिप्पणी पोस्ट करें