नव-बिहार न्यूज एजेंसी (NNA), नवगछिया : बिहार के पुलिस जिला नवगछिया से एक कैदी को बक्सर जेल में पहुंचा कर लौट रहा वज्र वाहन मंगलवार की सुबह को खगड़िया जिले के पसराहा थाना क्षेत्र में पेट्रोल पंप के पास एनएच-31 पर दुर्घटनाग्रस्त हो गया। कैदी वाहन और ट्रक की टक्कर हो गई। इसमें नवगछिया पुलिस लाइन के एक सिविल जमादार आरा जिले के नाथमलपुर ग्राम निवासी घूरा राम यादव की मौत हो गई।
हादसे में कैदी वाहन का चालक पुष्पेंद्र कुमार, सिपाही अर्जुन कुमार गुप्ता और छैबर राम जख्मी हो गए। सभी घायलों को पुलिस ने इलाज के लिए जेएलएनएमसीएच भागलपुर अस्पताल में भर्ती कराया गया। वज्र वाहन पर कुल छह पुलिसवाले सवार थे, जिनमें दो बाल-बाल बच गए। चालक के सिर में और दोनों सिपाही के शरीर में कई जगहों पर गंभीर चोट है।
नवगछिया के रसलपुर निवासी विनोद यादव की हत्या के आरोपित पकरा निवासी पूर्व प्रमुख मानकेश्वर सिंह को सोमवार को पुलिस कैदी वाहन से साथ लेकर बक्सर जेल गई थी। बक्सर जेल में उसे छोड़कर पुलिस टीम देर रात वापस नवगछिया लौट रही थी। मंगलवार की सुबह चार बजे के आसपास वाहन दुर्घटनाग्रस्त हो गई। दो माह पूर्व पुलिस ने पूर्व प्रमुख को गिरफ्तार किया था, जिसे नवगछिया मंडल कारा में रखा गया था। यहां जेल में बैठकर अपराध का संचालन करने की आशंका पर उसे काफी दूर बक्सर जेल में शिफ्ट किया गया।
सड़क हादसे में मृत सिविल जमादार घूरा राम यादव को नवगछिया पुलिस लाइन में मंगलवार को सलामी दी गई। सम्मानपूर्वक सलामी देने के पश्चात शव को वाहन से उनके गांव तक पहुंचाया गया। मौके पर नवगछिया एसपी पंकज सिन्हा, एसडीपीओ मुकुल कुमार रंजन, डीएसपी मुख्यालय पीके झा, नवगछिया सर्किल इंसपेक्टर मार्कण्ेडय सिंह, नवगछिया थानाध्यक्ष संजय कुमार सुधांशु समेत कई पुलिस अधिकारी तथा नवगछिया पुलिस मेन्स एसोसिएशन के अध्यक्ष अविनाश कुमार सहित कई पुलिसकर्मी मौजूद थे।
कोई टिप्पणी नहीं:
टिप्पणी पोस्ट करें