लोकसभा चुनाव के सातवें और अंतिम चरण में रविवार को सात राज्यों और एक केंद्र शासित प्रदेश की 59 सीटों पर वोट डाले जाएंगे। इसके साथ ही 543 में से 542 सीटों पर लोकतंत्र के यज्ञ में पूरी हो जाएगी आम लोगों की भागीदारी।
मोदी की किस्मत तय करेगी काशी
इस अंतिम चरण में सबसे चर्चित सीट खुद उत्तर प्रदेश की वाराणसी (काशी)है। इस सीट पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दूसरी बार प्रत्याशी हैं। उनके खिलाफ महागठबंधन ने शालिनी यादव और कांग्रेस ने अजय राय को मैदान में उतारा है। मोदी की इस सीट पर कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने प्रचार किया है।
दिग्गजों ने डाला डेरा
आखिरी चरण में अपने-अपने किलों को बचाने के लिए दिग्गजों ने अपनी पूरी ताकत झोंक दी। यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखपुर में प्रचार किया। मतदान के दिन भी उनके शहर में ही रहने की संभावना है। शत्रुघ्न सिन्हा, केंद्रीय मंत्री रविशंकर प्रसाद, आरके सिंह, अश्विनी चौबे आखिरी घंटों में भी घर-घर जनसंपर्क करते हुए दिखें।
बंगाल में सुरक्षा कड़ी
पश्चिम बंगाल में पिछले चरणों में हुई हिंसा और कोलकाता में भाजपा अध्यक्ष अमित शाह के रोड शो में आगजनी और मारपीट के मद्देनजर आयोग ने कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की है। नौ सीटों पर होने वाले मतदान के लिए केंद्रीय बलों की 710 टुकड़ियों को तैनात किया गया है। झारखंड की नक्सल प्रभावित तीनों सीटों पर भी मतदान शाम चार बजे ही खत्म समाप्त हो जाएगा।
‘आप’ की साख दांव पर
इस चरण में पंजाब की सभी सीटों पर मतदान हो रहा है। 2014 में एकमात्र पंजाब ऐसा राज्य रहा जहां पर आम आदमी पार्टी (आप)को जीत मिली। यहां पर पार्टी ने चार सीटों पर जीत दर्ज की। इस प्रकार आप के लिए यह चरण अहम है और दिल्ली के बाहर अपनी साख कायम रखने की चुनौती है।
वेल्लोर में बाद में मतदान
तमिलनाडु के वेल्लोर सीट पर मतदान बाद में कराया जाएगा। यहां पर मतदाताओं को पैसे देकर प्रभावित करने का खुलासा होने और भारी मात्रा में नकदी जब्त होने के बाद चुनाव रद्द कर दिया कर दिया गया था।
यहां दिलचस्प मुकाबला
मिर्जापुर : केंद्रीय मंत्री अनुप्रिया पटेल अपना दल से प्रत्याशी, उनकी मां ने कांग्रेस प्रत्याशी का समर्थन किया
गाजीपुर : केंद्रीय मंत्री मनोज सिन्हा का मुकाबला बाहुबली मुख्तार अंसारी के भाई अफजाल अंसारी से है।
पाटलिपुत्र : भाजपा के राम कृपाल यादव का मुकाबला लालू प्रसाद की बेटी व राजद की मीसा भारती से है।
गुरदासपुर : भाजपा प्रत्याशी व अभिनेता सनी देओल के खिलाफ कांग्रेस के सुनील जाखड़ मैदान में हैं।
अमृतसर : भाजपा ने केंद्रीय मंत्री हरदीप पुरी को उतारा, पिछले चुनाव में अरुण जेटली को यहां हार मिली थी
आखिरी महासमर
-10 करोड़ मतदाता इस चरण में
-918 प्रत्याशियों का होगा फैसला
-1.02 लाख मतदान केंद्र बनाए
कहां कितनी सीटें
उत्तर प्रदेश 13
पंजाब 13
पश्चिम बंगाल 9
बिहार 8
मध्यप्रदेश 8
हिमाचल प्रदेश 4
झारखंड 3
चंडीगढ़ 1
कोई टिप्पणी नहीं:
टिप्पणी पोस्ट करें