नव-बिहार समाचार नवगछिया (भागलपुर) : बिहार के पुलिस जिला नवगछिया अंतर्गत जारी लॉक डाउन के दौरान फिर एक हत्या का मामला सामने आया है। इस बार भी नवगछिया थाना अंतर्गत एनएच 31 स्थित टॉल प्लाजा के समीप जमुनिया पंचायत के उपमुखिया पुत्र की कुल्हाड़ी से हत्या कर दी है। घटना मंगलवार की रात लगभग साढ़े आठ बजे रात की बताई जा रही है। घटना के सही कारणों का पता नहीं चल पाया है। युवक ने मरने से पहले गांव के ही एक व्यक्ति का नाम बताया है। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस सक्रिय हो गई है। वहीं हमलावर फरार बताया जा रहा है। पुलिस की छापामारी जारी बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार जमुनिया पंचायत के उपमुखिया विनोद सिंह के 26 वर्षीय पुत्र अजय कुमार सिंह की कुल्हाड़ी से काटकर हत्या कर दी गई। घटना मंगलवार की रात करीब 8:30 बजे महदत्तपुर गांव के पास एनएच 31 स्थित टोल प्लाजा की बताई गई है। वारदात को अंजाम देने के बाद हमलावर फरार हो गए। बताया जाता है कि हमलावर और युवक दोनों महदत्तपुर गांव के ही रहने वाले है। लोगों की मदद से घायलावस्था में लेकर परिजन उसे अनुमंडल अस्पताल पहुंचे, जहां से गंभीर स्थिति में उसे मायागंज अस्पताल रेफर कर दिया गया। भागलपुर ले जाने के क्रम में तेतरी चौक के पास युवक ने दम तोड़ दिया। फिर परिजन महदत्तपुर गांव लौट आए। इस वारदात के बाद गांव में तनाव व्याप्त हो गया है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। तनाव को देखते हुए गांव में पुलिस कैंप कर रही है।
मृतक के पिता उपमखिया विनोद सिंह ने बताया है कि मंगलवार की शाम में गांव के ही नरेश सिंह (पिता देवी सिंह) से छोटी-मोटी बात को लेकर विवाद हुआ था। उसने जान से मारने की धमकी दी थी। रात के करीब 8:30 बजे अजय एनएच-31 स्थित टोल प्लाजा के समीप चौक के पास एक दुकान पर खड़ा था। उसी दौरान नरेश सिंह ने पीछे से अजय के गर्दन पर कुल्हाड़ी से लगातार कई वार कर दिया। वह घायल होकर जमीन वहीं पर गिर पड़ा। मायागंज अस्पताल ले जाने के दौरान रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया। मरने से पहले अजय ने बताया था कि नरेश सिंह ने उसके गर्दन पर कुल्हाड़ी से वार किया है। युवक तीन भाइयों में छोटा था जो गांव में घूम-घूम कर मछली बेचने का कारोबार करता था।
कोई टिप्पणी नहीं:
टिप्पणी पोस्ट करें